आज है बॉलीवुड के इन दो दिग्गज कलाकारों का जन्मदिन, पढ़ें इनकी ज़िंदगी से जुड़े अनसुने किस्से

आज शम्मी कपूर के साथ-साथ एक और मशहूर बॉलीवुड अभिनेता का जन्मदिन है। आज अभिनेता कुलभूषण खरबंदा का भी जन्मदिन है। कुलभूषण खरबंदा को शान फिल्म में खलनायक के किरदार के लिए जाना जाता है।

Bollywood Halchal Oct 21, 2020

आज बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता शम्मी कपूर की बर्थ एनिवर्सरी है। आज भले ही शम्मी हमारे बीच मौजूद ना हों लेकिन अपनी फिल्मों से वे हमेशा अपने फैंस के दिलों में जिंदा रहेंगे। आज शम्मी कपूर के साथ-साथ एक और मशहूर बॉलीवुड अभिनेता का जन्मदिन है। आज अभिनेता कुलभूषण खरबंदा का भी जन्मदिन है। कुलभूषण खरबंदा को शान फिल्म में खलनायक के किरदार के लिए जाना जाता है। आइए जानते हैं इन दोनों कलाकारों से जुड़ी दिलचस्प बातें -  


आज है एवरग्रीन बॉलीवुड स्टार शम्मी कपूर की बर्थ एनिवर्सरी 

बॉलिवुड के मशहूर अभिनेता शम्मी कपूर का जन्म 21 अक्टूबर 1931 को हुआ था। उनका पूरा नाम शमशेर राज कपूर है। शम्मी ने 1953 में आई फिल्म 'जीवन ज्योति' से अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत की थी। शम्मी के लुक्स और डांस मशहूर हॉलीवुड अभिनेता एल्विस प्रिस्ली से काफी मिलता-जुलता था इसलिए उन्हें बॉलीवुड का एल्विस प्रिस्ली कहा जाता था। 


शम्मी कपूर ने अपने करियर की शुरुआत अपने पिता के पृथ्वी थिएटर में बतौर जूनियर आर्टिस्ट की थी। उस समय उन्हें अपने काम काम के लिए 50 रूपए मिलते थे। शम्मी ने अपने फिल्मी करियर में बहुत सी यादगार फिल्में की हैं। उन्होंने 1953 में आई फिल्म 'जीवन ज्योति' से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि शुरुआत में शम्मी की फिल्मों को दर्शकों ने बिल्कुल भी पसंद नहीं किया था। हालाँकि, बाद में शम्मी ने अपने खास अंदाज और डांस से दर्शकों के बीच जगह बना ली थी। शम्मी कपूर की 'तुमसा नहीं देखा', 'दिल देके देखो', 'जंगली', 'कश्मीर की कली', 'तीसरी मंजिल', 'एन इवनिंग इन पैरिस', 'ब्रह्मचारी', 'प्रिंस' और 'अंदाज' जैसी फिल्मों को आज भी दर्शकों खूब पसंद करते हैं। 

 

इसे भी पढ़ें: हिंदी सिनेमा के टॉप एक्टर थे विनोद खन्ना, फिर सब कुछ छोड़कर बन गए थे संन्यासी, पढ़िए उनकी जिंदगी के अनसुने किस्से


शम्मी कपूर ने साल 1955 में एक्ट्रेस गीता बाली से शादी कर ली थी। शम्मी की गीता से मुलाकात फिल्म 'कॉफी हाउस' के सेट पर हुई थी। इसी बीच दोनों एक-दूसरे के करीब आए थे। शम्मी को गीता बहुत पसंद थीं और उन्होंने गीता से कई बार शादी के लिए भी पूछा था लेकिन गीता हर बार मन कर देती थीं। लेकिन एक बार शम्मी के पूछने पर गीता ने शादी के लिए हाँ कर दी। फिर क्या था शम्मी ने फौरन एक मंदिर में जाकर गीता से शादी कर ली। सबसे मजेदार बात तो यह है कि गीता की माँग भरने के लिए सिन्दूर नहीं मिला तो शम्मी ने गीता की लिपस्टिक से उनकी माँग भर दी थी। गीता से शादी से शम्मी के दो बच्चे आदित्य और कंचन हुए। हालांकि, 1965 में गीता की चेचक के कारण मौत हो गई थी। गीता की मौत का शम्मी पर बहुत गहरा असर हुआ और इस गम के कारण वे डिप्रेशन में चले गए थे। गीता की मौत के 4 साल बाद शम्मी ने दूसरी शादी नीला देवी के साथ की थी। लेकिन शादी से पहले उन्होंने नीला के सामने शर्त रख दी थी कि वे कभी माँ नहीं बनेंगी और गीता के बच्चों को अपने बच्चों की तरह पालेंगी। शम्मी कपूर का 79 वर्ष की उम्र में 14 अगस्त 2011 को निधन हो गया था। शम्मी ने आखिरी बार रणबीर कपूर की फिल्म 'रॉकस्टार' में काम किया था। 


शान फिल्म से मशहूर अभिनेता कुलभूषण खरबंदा मना रहे हैं आज अपना जन्मदिन 

अभिनेता कुलभूषण खरबंदा बॉलीवुड के सबसे वर्सटाइल एक्टर्स में से एक हैं। वो उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक हैं जो किसी भी किरदार में खुद को बखूबी ढालना जानते हैं। कुलभूषण खरबंदा का जन्म 21 अक्तूबर 1944 को पंजाब में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई पंजाब में की थी। उसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से अपनी आगे की पढ़ाई की थी। कुलभूषण को अभिनय का शौक कॉलेज के समय से ही था। कॉलेज में रहते हुए उन्होंने कई नाटकों में अभिनय भी किया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद कुलभूषण ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 'अभियान' नाम से एक थिएटर शुरू किया था।


फिल्मों में आने से पहले कुलभूषण ने लंबे समय तक थिएटर में काम किया था। इसके बाद कुलभूषण ने 1974 में आई फिल्म 'जादू का शंख' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसी साल उन्होंने डायरेक्टर श्याम बेनेगल की फिल्म 'निशांत' में भी काम किया था। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। 

 

इसे भी पढ़ें: एक्ट्रेस काजल अग्रवाल करने वाली हैं शादी, जानें किसको चुना है उन्होंने अपना हमसफर


कुलभूषण खरबंदा ने अपने करियर में कई शानदार फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने भूमिका, अर्थ, कलयुग, मैं जिंदा हूं, नसीब, दामिनी और लगे रहे मुन्ना भाई जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया है। भले ही कुलभूषण ने अपनी फिल्मों में एक सह कलाकार की भूमिका निभाई हो लेकिन हर किरदार में उन्हें  दर्शकों से प्रशंसा मिली है। कुलभूषण खरबंदा के करियर में 1980 में आई फिल्म 'शान' बहुत अहम रही है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, शशि कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म में कुलभूषण खरबंदा के खलनायक किरदार ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इन दिनों वह अपनी चर्चित और हिट वेब सीरीज मिर्जापुर की वजह से चर्चा में हैं। कुलभूषण खरबंदा ने मिर्जापुर के पहले सीजन में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। जल्द ही इसका दूसरा सीजन भी रिलीज होने वाला है।




Find Us



बॉलीवुड हलचल

बॉलीवुड की चटपटी खबरों के साथ ही पढ़िये हर नयी फिल्म की सबसे सटीक समीक्षा। साथ ही फोटो और वीडियो गैलरी में देखिये बॉलीवुड की हर हलचल।


लेटेस्ट पोस्ट


L o a d i n g