आज है बॉलीवुड के इन दो मशहूर एक्टर्स का जन्मदिन, एक हैं फेमस विलन तो दूसरे कभी थे ऐश्वर्या के दीवाने

शक्ति कपूर का असली नाम सुनील सिकंदरलाल कपूर है। शक्ति कपूर को यह नाम बॉलीवुड के मशहूर दिवंगत एक्टर सुनील दत्त से मिला था।

Bollywood Halchal Sep 03, 2020

आज बॉलीवुड के एक नहीं बल्कि दो मशहूर एक्टर्स का जन्मदिन है। जी हाँ, आज बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय विलेन शक्ति कपूर और एक्टर विवेक ओबेरॉय का जन्मदिन है। आइए जानते हैं इन दोनों की ज़िंदगी से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें - 


आज है मशहूर बॉलीवुड एक्टर शक्ति कपूर का बर्थडे 

बॉलीवुड में ऐसे बहुत कम एक्टर्स हैं जिन्होंने विलेन के किरदार में भी अपनी अलग पहचान बनाई है और उनमें से ही एक नाम एक्टर शक्ति कपूर का भी है। शक्ति कपूर ने कभी अपने निगेटिव रोल तो कभी अपनी कॉमेडी से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई है। शक्ति कपूर एक वर्सटाइल एक्टर हैं और उन्होंने अपने करियर में हर तरह के रोल किए हैं। शक्ति कपूर का जन्म 3 सितंबर 1952 को दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद अपना फिल्मी सफर शुरू किया था। बहुत कम लोग ही यह बात जानते हैं कि शक्ति कपूर उनका असली नाम नहीं है। जी हाँ, शक्ति कपूर का असली नाम सुनील सिकंदरलाल कपूर है। शक्ति कपूर को यह नाम बॉलीवुड के मशहूर दिवंगत एक्टर सुनील दत्त से मिला था।  


सुनील दत्त ने दिया था शक्ति कपूर नाम

दरअसल, शक्ति कपूर फिल्म रॉकी में सुनील दत्त के साथ काम कर रहे थे। इस फिल्म में शक्ति कपूर विलेन का किरदार निभा रहे थे लेकिन सुनील दत्त को उनका नाम सुनील कपूर बतौर विलेन अच्छा नहीं लग रहा था। इस पर सुनील दत्त ने शक्ति कपूर से कहा कि बतौर विलेन उनका नाम कुछ अलग होना चाहिए। इसके बाद सुनील दत्त ने उनका नाम शक्ति कपूर रख दिया था।  


कभी विलेन बने तो कभी कॉमेडी से दर्शकों को खूब हँसाया 

शक्ति कपूर ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत 1973 में आई फिल्म 'कहानी किस्मत की से की थी लेकिन उन्हें असली पहचान 1977 में फिल्म 'खेल खिलाड़ी का' से मिली थी। इस फिल्म में उन्होंने धर्मेंद्र और हेमा मालिनी के साथ काम किया था। इसके बाद आई फिल्में 'कुर्बानी' और 'रॉकी' में शक्ति कपूर की एक्टिंग की काफी प्रशंसा हुई थी। अपने फिल्मी करियर में शक्ति कपूर ने कई बड़े-बड़े कलाकारों के साथ काम किया है जिसमें फिरोज खान, सुनील दत्त, विनोद खन्ना और धर्मेंद्र जैसे दिग्गज अभिनेता भी शामिल हैं। जहाँ एक तरफ शक्ति कपूर ने 'हिम्मतवाला' और 'हीरो' जैसी फिल्मों में विलेन के किरदार निभाए वहीं  'अंदाज अपना अपना', 'राजा बाबू', 'बाप नंबरी बेटा दस नंबरी', 'तोहफा', और 'कुली नंबर वन' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी कॉमेडी से सबका दिल जीता। 

गोविंदा के साथ शक्ति कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने हमेशा ही खूब पसंद किया है। अंदाज़ अपना अपना फिल्म में शक्ति का किरदार 'क्राइम मास्टर गोगो' आज भी दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय है। 


शिवांगी कोल्हापुरे से की थी लव मैरिज 

शक्ति कपूर की शादी शिवांगी कोल्हापुरे से हुई है। शिवांगी कोल्हापुरे बॉलीवुड अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे की बहन हैं। शिवांगी से शक्ति कपूर की मुलाकात फिल्म 'किस्मत' के सेट पर हुई थी। दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी करने का फैसला किया था। शक्ति कपूर के दो बच्चे हैं। उनकी बेटी बॉलीवुड एक्ट्रेस  श्रद्धा कपूर और बेटा सिद्धांत कपूर हैं।


विवेक ओबेरॉय मना रहे हैं अपना 44वां जन्मदिन 

बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय का जन्म 3 सितंबर 1976 को हैदराबाद में हुआ था। विवेक मशहूर बॉलीवुड एक्टर सुरेश ओबेरॉय के बेटे हैं। विवेक की शुरूआती पढ़ाई अजमेर के मेयो कॉलेज से हुई है और उन्होंने मुंबई के मीठी बाई कॉलेज से ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन करने के बाद विवेक ने न्यूयॉर्क से  एक्टिंग में मास्टर्स डिग्री भी की है। 


कई फिल्मों में किया है काम 

विवेक ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत 2002 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'कंपनी' से की थी। इस फिल्म में विवेक की एक्टिंग को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्म फेयर का बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड भी मिला था। अपने अभी तक के फिल्मी करियर में विवेक ने साथिया, मस्ती, युवा, रक्त चरित्र और शूटआउट एट लोखंडवाला जैसी कई फिल्मों में काम किया है। फिल्म रक्त चरित्र में विवेक के रोल को खूब पसंद किया गया था। हाल ही में विवेक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक में लीड रोल में नजर आए थे। 


ऐश्वर्या राय से करते थे प्यार 

विवेक ओबेरॉय ने भले ही ज़्यादा फिल्मों में काम ना किया हो लेकिन ऐश्वर्या राय के साथ अपने अफेयर की वजह से वह काफी समय तक सुर्ख़ियों में बने रहे थे। कहा जाता है कि ऐश्वर्या के साथ बढ़ती नजदीकियों के कारण विवेक सलमान खान के निशाने पर आ गए थे। इतना ही नहीं 2003 में विवेक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा था कि सलमान ने नशे में उन्हें धमकी दी है। इसके बाद से ऐश्वर्या ने विवेक से दूरी बना ली थी। 


प्रियंका अल्वा से की है शादी 

ऐश्वर्या राय के साथ अपने असफल रिश्ते के बाद विवेक ने 4 जुलाई 2010 को प्रियंका अल्वा से शादी कर ली थी। प्रियंका अल्वा कर्नाटक के पूर्व मंत्री दिवंगत जीवराज अल्वा की बेटी हैं। वर्तमान समय में विवेक और प्रियंका एक खुशहाल शादीशुदा जीवन जी रहे हैं और उनके दो बच्चे भी हैं।




Find Us



बॉलीवुड हलचल

बॉलीवुड की चटपटी खबरों के साथ ही पढ़िये हर नयी फिल्म की सबसे सटीक समीक्षा। साथ ही फोटो और वीडियो गैलरी में देखिये बॉलीवुड की हर हलचल।


लेटेस्ट पोस्ट


L o a d i n g