संजय राउत के साथ विवाद के बीच केंद्र सरकार ने कंगना रनौत की सुरक्षा को लेकर उठाया ये बड़ा कदम

बीते दिनों कंगना और शिवसेना मंत्री संजय राउत के बीच जुबानी जंग काफी तेज हो गई थी। संजय राउत ने कंगना को मुंबई ना आने की सलाह दी थी जिस पर कंगना ने चैलेंज किया था कि वे मुंबई जरूर आएंगी।

Bollywood Halchal Sep 08, 2020

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में शुरू से ही अपने तीखे बयानों को लेकर सुर्खियों में बनी रही हैं। हाल ही में अपने एक बयान के बाद कंगना शिवसेना के निशाने पर आ गई हैं। दरअसल, बीते दिनों कंगना और शिवसेना मंत्री संजय राउत के बीच जुबानी जंग काफी तेज हो गई थी। संजय राउत ने कंगना को मुंबई ना आने की सलाह दी थी जिस पर कंगना ने चैलेंज किया था कि वे मुंबई जरूर आएंगी। कंगना को मिल रही धमकियों को देखते हुए कंगना के पिता ने हिमाचल प्रदेश सरकार से उनकी  सुरक्षा की मांग की थी। अब खबर है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से कंगना को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंगना 9 सितंबर को मुंबई पहुँचने वाली हैं और वहां उनकी सुरक्षा के लिए 11 सुरक्षाकर्मी मौजूद होंगे। इसमें एक या दो कमांडो और बाकी पुलिसकर्मी होंगे। 


सुरक्षा मिलने पर कंगना ने अमित शाह को धन्यवाद कहा  

वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलने पर कंगना ने गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रिया अदा किया है। कंगना ने ट्वीट किया, "ये प्रमाण है कि अब किसी देशभक्त आवाज को कोई फासीवादी नहीं कुचल सकेगा। मैं गृहमंत्री अमित शाह जी की आभारी हूूं। वो चाहते तो हालातों के चलते मुझे कुछ दिन बाद मुंबई जाने की सलाह देते, मगर उन्होंने भारत की एक बेटी के वचनों का मान रखा, हमारे स्वाभिमान और आत्मसम्मान की लाज रखी, जय हिंद।"


कंगना ने कहा था मुंबई में असुरक्षित महसूस होता है 

दरअसल, कुछ दिनों पहले कंगना ने कहा था कि एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उन्हें मुंबई में असुरक्षा महसूस होती है। कंगना ने ट्वीट कर मुंबई की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से की थी। कंगना के इस बयान पर संजय राउत ने कहा था कि अगर उन्हें मुंबई में डर लगता है तो वापस नहीं आना चाहिए।


कंगना ने लिखा - मुंबई पीओके जैसा क्यों लग रहा है? 

कंगना ने ट्वीट किया था, "शिवसेना नेता संजय राउत ने मुझे खुली धमकी दी है और कहा है कि मैं मुंबई वापस ना आऊं। पहले मुंबई की सड़कों में आजादी के नारे लगे और अब खुली धमकी मिल रही है। ये मुंबई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की तरह क्यों लग रहा है?'


संजय राउत ने कहा - कंगना पीओके जाएं, खर्चा हम देंगे

कंगना के इस बयान के बाद संजय राउत ने मुंबई पुलिस को बदनाम करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की थी। उन्होंने कहा, "वह जिस थाली में खा रही हैं, उसी में थूक रही हैं। कुछ राजनीतिक दल उनका समर्थन कर रहे हैं। अगर वह पीओके जाना चाहती हैं तो दो दिन के लिए चली जाएं, हम ही पैसा दे देंगे। एक बार देख लें पीओके क्या है, वहां कैसा है।


कंगना ने मुंबई आने का चैलेंज किया, कहा किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले

शिवसेना मंत्री संजय राउत के बयान के बाद कंगना ने ट्वीट किया, " मैं देख रही हूं कई लोग मुझे मुंबई वापस न आने की धमकी दे रहे हैं इसलिए मैंने तय किया है कि 9 सितंबर को मुंबई आऊंगी। मैं मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचकर टाइम पोस्ट करूंगी, किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले।"


संजय राउत ने कहा - मराठी मानुष के बाप की ही है

कंगना के इस ट्वीट के जवाब में संजय राउत ने ट्वीट किया, "मुंबई मराठी मानुष के बाप की ही है, जिन्हें यह मंजूर नहीं वह अपना बाप दिखाएं। शिवसेना महाराष्ट्र के दुश्मनों का श्राद्ध किए बगैर नहीं रहेगी, प्रॉमिस जय हिंद जय महाराष्ट्र।"


कंगना ने की है सुशांत के लिए न्याय की मांग 

गौरतलब है कि सुशांत सिंह मामले में कंगना रनौत शुरू से ही काफी एग्रेसिव हैं और अपनी आवाज़ उठाती आई हैं और उन्होंने सुशांत के लिए न्याय की मांग की है। सुशांत की मौत के बाद कंगना ने बॉलीवुड माफिया, नेपोटिज्म और ड्रग्स जैसे मामलों में खुलकर अपनी बात सामने रखी है। कंगना ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म को बढ़ावा देने को लेकर कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ पर आरोप लगाए थे। कंगना के बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी सराहना की और उन्हें एक निडर महिला भी कहा गया। वहीं दूसरी तरफ, कंगना को अपने बयानों के कारण लगातार धमकियाँ भी मिल रही हैं और कई राजनैतिक दल उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।




Find Us



बॉलीवुड हलचल

बॉलीवुड की चटपटी खबरों के साथ ही पढ़िये हर नयी फिल्म की सबसे सटीक समीक्षा। साथ ही फोटो और वीडियो गैलरी में देखिये बॉलीवुड की हर हलचल।


लेटेस्ट पोस्ट


L o a d i n g