कलर्स टीवी का सबसे फेमस और विवादित सुपरनैचुरल शो 'नागिन' एक बार फिर से चर्चा में है। सीजन 7 को लेकर फैंस के बीच में जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। 'नागिन 7' के एपिसोड ऑन एयर हो चुके हैं और दर्शकों की ओर से भी शो के एपिसोड को हरी झंडी मिल गई है। वहीं इस सीरियल में नागिन बनी प्रियंका चाहर चौधरी के साथ आर्यमन सुरी का किरदार निभाने वाले नमिक पॉल को दर्शक पसंद कर रहे हैं। शुरूआत में आर्यमन सुरी के किरदार के लिए विवियन डीसेना और अविनाश मिश्रा जैसे कई बड़े सेलेब्रिटीज का नाम सामने आ रहा था। लेकिन नमिक पॉल ने बताया कि हमेशा से यह किरदार वह ही करने वाले थे। यही कारण है कि नमिक को इस बड़े रोल के लिए कोई भी ऑडिशन नहीं देना पड़ा।
टीवी इंडस्ट्री में किसी भी बड़े लीड के रोल के लिए कड़ा ऑडिशन देना पड़ता है। लेकिन इस मामले में नमिक पॉल की कहानी थोड़ी अलग रही। नमिक ने बताया कि वह एकता कपूर के साथ तीन शो कर चुके हैं। जब भी बालाजी टेलीफिल्म्स से फोन आता है, तो उनको एक अलग लेवल का विश्वास होता है कि किरदार जबरदस्त होगा। नमिक के अनुसार वह पिछले साल सितंबर महीने में ही 'नागिन 7' के लिए फाइनल हो चुके थे।
इन एक्टर्स को पछाड़ा
सोशल मीडिया पर 'नागिन 7' के लीड हीरो को लेकर काफी समय से कयास लगाए जा रहे थे। कभी अभिनेता विवियन डीसेना, शालीन भनोट, करणवीर मेहरा तो कभी अविनाश मिश्रा का नाम सामने आ रहा था। लेकिन नमिक पॉल ने साफ कर दिया कि शो के मेकर्स के दिमाग में शुरूआत से ही उनका नाम साफ था।
नमिक पॉल हैं चहेते एक्टर
अभिनेता एकता कपूर कैंप के चहेते कलाकारों में से एक हैं। अभिनेता ने अपनी पुरानी जर्नी को याद करते हुए बताया कि कवच सीरियल से उनकी बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ शुरुआत हुई थी। इस सीरियल के लिए नमिक ने ऑडिशन दिया था। फिर 'कसौटी जिंदगी की' में उन्होंने विजय भारद्वाज का किरदार निभाकर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया था। नागिन से पहले अभिनेता एकता कपूर के सीरियल 'कुमकुम भाग्य' का हिस्सा रहे। लेकिन 'नागिन 7' के लिए नमिक का पुराना काम उनका सबसे बड़ा ऑडिशन बन गया। नमिक के मुताबिक जब इतना बड़ा चैनल, इतना बड़ा बैनर और 'नागिन' जैसा आइकॉनिक शो आपके सामने हो, तो मना नहीं कर सकते हैं।
जानिए कौन हैं नमिक पॉल
बता दें कि नमिक पॉल टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं। एक्टर ने 'जाना ना दिल से दूर' और 'एक दूजे के वास्ते' जैसे शो से घर-घर में अपनी पहचान बनाई है। नमिक अपनी हाइट और इंटेंस लुक्स के लिए जाने जाते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नमिक 'आर्यमन सूरी' बनकर नागिन की दुनिया में क्या धमाल मचाते हैं।