एंड टीवी के सबसे फेमस कॉमेडी शो 'भाभी जी घर पर हैं' को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। 9 साल पहले मेकर्स के साथ हुए विवाद के बाद शिल्पा शिंदे शो से बाहर हो गई थीं। जिसके बाद बताया जा रहा है कि शिल्पा शिंदे एक बार फिर 'अंगूरी भाभी' के रोल में वापसी कर सकती हैं। शो के करीबी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मेकर्स और चैनल ने फिलहाल अंगूरी भाभी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शुभांगी अत्रे को रिप्लेस करने के लिए एक बार फिर शिल्पा शिंदे से बातचीत शुरूकर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों की बातचीत एडवांस स्टेज पर चल रही है और जल्द की अंतिम फैसला लिया जा सकता है। दरअसल, पिछले 10 सालों से एंड टीवी का यह कॉमेडी शो दर्शकों को फेवरेट बना हुआ है। शो शुरू होने के एक साल बाद ही शिल्पा शिंदे ने इस शो को अलविदा कह दिया था। तब से शिल्पा की जगह शुभांगी अत्रे इस शो में अंगूरी भाभी का किरदार निभा रही हैं। लेकिन बताया जा रहा है कि अब शो के मेकर्स को लगता है कि शो को एक 'रिवाइवल' की जरूरत है। 
शिल्पा शिंदे की एंट्री
अगर शिल्पा शिंदे एक बार फिर से इस शो में आने के लिए हां कर देती हैं। तो मेकर्स एक नए अंदाज में इस शो को 2.0 वर्जन के मेकओवर के साथ पेश करेंगे। यह एंड टीवी का नंबर वन शो है। शिल्पा ने साल 2016 में इस शो को अचानक छोड़कर पूरी टीवी इंडस्ट्री में हंगामा मचा दिया था। एक्ट्रेस ने शो को छोड़ने के पीछे मेकर्स पर 'मेंटल हैरेसमेंट' का आरोप लगाया था। शिल्पा शिंदे ने यह दावा किया था कि उनसे एक ऐसा कॉन्ट्रैक्स साइन करने के लिए कहा जा रहा था, जो उनको दूसरे शो करने से रोकेगा। 
साथ ही एक्ट्रेस ने पैसे न देने और कर्मचारी मुहैया कराने में भेदभाव के भी आरोप लगाए थे। जिसके जवाब में प्रोडक्शन हाउस ने उनको नोटिस भी भेजा था। वहीं 'भाभी जी घर पर हैं' से बाहर होने के बाद शिल्पा बहुत कम शो में दिखाई दी हैं। वह बिग बॉस 11 की विनर रह चुकी हैं और एक्ट्रेस ने 'खतरों के खिलाड़ी 14' में भी हिस्सा लिया था। वहीं साल 2023 में शिल्पा शिंदे को 'मैडम सर' में भी एक छोटा सा रोल किया था।