वरुण धवन का जन्म 24 अप्रैल 1987 को मुंबई हुआ था। वे मशहूर निर्देशक डेविड धवन के बेटे हैं। पिता के निर्देशक होने के बावजूद वरुण को बॉलीवुड में एंट्री अपनी मेहनत के दम पर मिली है। दरअसल, डेविड चाहते कि वरुण जो भी करें, अपनी मेहनत से करें। इसलिए उन्होंने वरुण को लॉन्च करने से इंकार कर दिया था। वरुण अपने अब तक के करियर में उन्होंने एक के बाद एक हिट फिल्म दी है। वरुण के जन्मदिन पर आज हम जानते हैं उनसे जुड़ी कई दिलचस्प बातें -
बचपन में वरुण धवन को रेसलिंग काफी पसंद थी और वो एक रेसलर बनना चाहते थे। उन्होंने नॉटिंघम ट्रेंट युनिवेर्सिटी से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के बाद 2010 में आई फिल्म 'माई नेम इज़ खान' में करण जौहर के सहायक निर्देशक के रूप में काम किया। वरुण ने अपने अभी तक के 10 साल के फ़िल्मी करियर में करीब 13 फिल्मों में काम किया है। वरुण ने 2012 में करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से वरुण ने बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड डेब्यू किया। इस फिल्म में वरुण के चॉकलेटी बॉय लुक को फैंस ने खूब पसंद किया था। पहली ही फिल्म के बाद से ही वरुण लाखों लड़कियों के दिलों पर राज करने लगे थे। इसके बाद वरुण ने 2014 में 'मैं तेरा हीरो' और 'हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया' में अपनी शानदार एक्टिंग से फैंस का खूब मनोरंजन किया। दोनों ही फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रहीं। हालांकि , कहीं न कहीं वरुण की छवि ऐसी बनने लगी थी कि उनके सभी किरदार एक से ही होते हैं। लेकिन इसके बाद उन्होंने बदलापुर में अपने किरदार से यह साफ कर दिया कि चाहे कॉमेडी रोल हो या सीरियस रोल, वे सभी किरदारों को बखूबी निभा सकते हैं। 2015 में आई डांस मूवी 'एबीसीडी2' में वरुण ने अपनी दमदार डांस परफॉरमेंस से फैंस को दीवाना बना दिया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और फिल्म सुपरहिट रही। इसके बाद वरुण ने ढिशुम और दिलवाले फ़िल्में की। लेकिन दोनों ही फ़िल्में कुछ खास चल नहीं पाई। साल 2017 में वरुण ने दो फिल्में - 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' और 'जुड़वां2' की थीं। दोनों ही फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रहीं और वरुण को उनकी कॉमेडी रोल के लिए सरहना भी मिली। इसके बाद 2018 में मशहूर निर्देशक शूजित सरकार की फिल्म ‘अक्टूबर’ में काम किया। भले ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन न कर पाई हो लेकिन फिल्म में वरुण ने अपनी बेहतरीन एक्टिंग से सबको हैरत में डाल दिया। इसी साल वरुण ने एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ फिल्म 'सुई धागा' में भी काम किया था। साल 2019 में वरुण ने मल्टीस्टारर फिल्म 'कलंक' में काम किया था। हालाँकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और फ्लॉप रही। इसके बाद साल 2020 वरुण फिल्म 'स्ट्रीट डांसर' में नज़र आए थे, लेकिन इस फिल्म में भी किस्मत ने वरुण का साथ नहीं दिया और फिल्म फ्लॉप हुई।
पिछले साल वरुण ने अपनी बचपन की दोस्त नताशा दलाल से शादी कर ली थी। वरुण और नताशा ने 10 साल के रिलेशनशिप के बाद 24 जनवरी 2021 को एक-दूसरे के साथ सात फेरे लिए थे।