होम
गॉसिप
टेली टॉक
बॉक्स ऑफिस
फोटो गैलरी
वीडियो गैलरी
CLOSE

इंजीनियर बनते-बनते इस तरह एक्टर बन गए सुशांत सिंह राजपूत, पूरे करना चाहते थे ये 50 सपने

By Bollywood halchal | Jan 21, 2022

आज बॉलीवुड के उस एक्टर का जन्मदिन है जिसने अपने दम पर बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। हम बात कर रहे हैं सुशांत सिंह राजपूत की। आज भले ही सुशांत इस दुनिया में ना हों, लेकिन अपनी फिल्मों के जरिए वे हमेशा अपने फैंस के दिलों में ज़िंदा रहेंगे। आज सुशांत सिंह राजपूत के फैंस उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर उन्हें याद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर सुशांत के फैंस और करीबी लोग उनकी तस्वीरें पोस्ट करके उन्हें याद कर रहे हैं। आइए सुशांत की बर्थ एनिवर्सरी पर जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें -

सुशांत सिंह का जन्म 21 जनवरी 1986 को पटना में हुआ था। सुशांत ने बचपन में ही अपनी माँ को खो दिया था जिसके बाद 2002 में वे दिल्ली आ गए। उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में बीटेक में एडमिशन लिया था। हालांकि, तीसरे साल में उन्होंने अपने एक्टर बनने के सपने की वज़ह से उसे बीच में ही छोड़ दिया। दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान ही वे श्यामक डावर के ग्रुप में शामिल हुए और बतौर बैकग्राउंड डांसर काम भी किया। इसके बाद वे मुंबई चले गए जहाँ उन्होंने नादिरा बब्बर का एकजुट थिएटर ग्रुप जॉइन कर लिया। साल 2008 में सुशांत पहली बार एकता कपूर के सीरियल 'किस देश में है मेरा दिल' में नज़र आए थे। इसके बाद साल 2009 में उन्हें एकता कपूर के सीरियल 'पवित्र रिश्ता' में लीड रोल करने का मौका मिला। इस सीरियल में उन्होंने मानव देशमुख का किरदार निभाया था जिसके लिए उनकी खूब सराहना भी हुई थी। मानव के किरदार के तौर पर सुशांत घर-घर में जाना-पहचाना नाम बन गए थे। 

कई बेहतरीन फिल्मों में किया काम 
सुशांत ने 2013 में अभिषेक कपूर की फिल्म 'काई पो चे' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। यह फिल्म चेतन भगत के प्रसिद्ध नॉवेल 'थ्री मिस्टेक्स ऑफ माय लाइफ' पर आधारित थी। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू एक्टर कैटेगरी में फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। इसके बाद 2013 में सुशांत ने परिणीति चोपड़ा के साथ 'शुद्ध देसी रोमांस' फिल्म में काम किया। हालाँकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी और फ्लॉप रही। सुशांत ने 2014 में आई राजकुमार हिरानी की 'पीके' में भी अभिनय किया। इस फिल्म में उन्होंने आमिर खान और अनुष्का शर्मा के साथ काम किया था। इसके बाद साल 2015 में सुशांत ने दिबाकर बनर्जी की थ्रिलर डिटेक्टिव 'ब्योमकेश बख्शी' में लीड रोल किया था। 2016 में नीरज पांडेय की फिल्म 'एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में सुशांत ने अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का खूब प्यार बटोरा। यह फिल्म 2016 की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई। इसके बाद साल 2017 में सुशांत ने कृति सैनन के साथ फिल्म 'राब्ता' में काम किया। हालाँकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। साल 2018 में सुशांत ने फिल्म 'केदारनाथ' में सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान के साथ  काम किया। यह सारा की पहली फिल्म थी। इसके बाद 2019 में सुशांत की तीन फिल्में - सोन चिरैया, ड्राइव, और छिछोरे रिलीज हुईं। सुशांत की आखिरी फिल्म दिल बेचारा थी, जो उनकी मौत के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी हॉटस्टार पर रिलीज की गई थी। 

14 जून 2020 को हुई थी सुशांत की मौत 
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में मृत अवस्‍था में पाए गए थे। दूसरों को बेहतर ज़िंदगी जीने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देने वाले सुशांत ने आत्महत्या की थी। सुशांत की मौत से पूरा देश सदमे में था। उनकी मौत क्यों और कैसे हुई, यह बात अभी तक साफ नहीं हो पाई है। सुशांत की मौत के मामले में उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस केस की जांच तीन बड़ी एजेंसियां सीबीआई, ईडी और एनसीबी कर रही थीं। हालाँकि, अभी तक इस मामले में कुछ साबित नहीं हो पाया है। 

ये 50 सपने पूरा करना चाहते थे सुशांत 
सुशांत सिंह राजपूत ने साल 2019 में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपने 50 सपनों की लिस्ट फैन्स के साथ शेयर की थी। सुशांत के कुछ सपने पूरे हुए, तो कुछ अधूरे ही रह गए। आज सुशांत की बर्थ एनिवर्सरी पर उनके फैंस उनके इन सपनों के बारे में एक बार फिर से चर्चा कर रहे हैं। 

सुशांत के 50 सपने 
1 हवाई जहाज उड़ाना सीखना
2 आयरनमैन ट्राएथलॉन के लिए तैयारी
3 बाएं हाथ से क्रिकेट खेलना
4 मोर्स कोड सीखना
5 बच्चों को स्पेस के बारे में सीखने में मदद करना
6 टेनिस चैंपियन के साथ मैच खेलना
7 फोर क्लैप पुशअप्स करना
8 एक हफ्ते तक चन्द्रमा, मंगल, बृहस्पति और शनि ग्रह को उनकी कक्षा में घूमते हुए मॉनिटर करना
9 ब्लू होल में गोता लगाना
10 डबल स्लिट एक्सपेरिमेंट को एक बार करके देखना
11 एक हजार पेड़ लगाना
12 दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के हॉस्टल में एक शाम बिताना
13 100 बच्चों को इसरो या नासा की वर्कशॉप के लिए भेजना
14 कैलाश में मेडिटेशन करना
15 चैंपियन के साथ पोकर खेलना
16 किताब लिखना
17 सर्न की लैब देखने जाना
18 ध्रुवीय रोशनी को देखते हुए पेंट करना
19  नासा का एक और वर्कशॉप अटेंड करना
20 छह महीने में सिक्स पैक एब्स बनाना
21 सेनोटेस में तैराकी करना
22 ब्लाइंड लोगों को कोडिंग सीखाना
23 जंगल में एक सप्ताह गुजारना
24 वैदिक ज्योतिषशास्त्र को समझना
25 डिज्नीलैंड देखना
26 लीगो की लैब देखने जाना
27 एक घोड़ा पालना
28 दस तरह के डांस फॉर्म सीखना
29 फ्री एजुकेशन के लिए काम करना
30 एंड्रोमेडा गैलेक्सी को एक विशाल टेलीस्कोप से देखना और उसकी स्टडी करना 
31 योग सीखना
32 अंटार्कटिका घूमना
33 महिलाओं की स्वरक्षा की ट्रेनिंग के लिए मदद
34 एक सक्रिय ज्वालामुखी को कैमरे में कैद करना
35 खेती सीखना
36 बच्चों को डांस सीखाना
37 दोनों हाथों से एक समान तीरंदाजी करना
38 रेसनिक-हेलिडे की मशहूर भौतिकी की किताब को पूरा पढ़ना
39 पॉलिनेसियन एस्ट्रोनॉमी को समझना
40 अपने मशहूर गानों को गिटार पर बजाना सीखना
41 चैंपियन के साथ शतरंज खेलना
42 लैंबर्गिनी खरीदना
43 वियना के सेंट स्टिफन कैथेड्रेल जाना
44 विजिबल साउंड और वाइब्रेशन के प्रयोग
45 इंडियन डिफेंस फोर्सेज के लिए बच्चों को तैयार करना
46 स्वामी विवेकानंद पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाना
47 सर्फ बोर्ड पर लहरों से खेलना
48 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर काम
49 ब्राजील का डांस और मार्शल आर्ट फॉर्म सीखना
50 ट्रेन में बैठकर पूरा यूरोप घूमना
Copyright ©
Dwarikesh Informatics Limited. All Rights Reserved.