होम
गॉसिप
टेली टॉक
बॉक्स ऑफिस
फोटो गैलरी
वीडियो गैलरी
CLOSE

पहली ही फिल्म से स्टार बन गए थे अजय देवगन, पढ़ें 'बाय चांस' हीरो बनने की पूरी कहानी

By Bollywood halchal | Apr 02, 2021

अजय देवगन का जन्म 2 अप्रैल 1969 को दिल्ली में हुआ था। शायद बहुत कम लोग जानते हैं कि उनका असली नाम विशाल देवगन है। अजय के पिता दिवंगत वीरू देवगन हिंदी फिल्मों के मशहूर स्टंट डायरेक्टर थे। जबकि, उनकी मां वीणा देवगन ने एक-दो फिल्मों का निर्माण किया था। घर में फिल्मी माहौल के होने कारण अजय की दिलचस्पी फिल्मों की ओर बढ़ने लगी। लेकिन अजय का सपना हीरो नहीं बल्कि फिल्म निर्देशक बनने का था। अजय ने मीठीबाई कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद निर्देशक शेखर कपूर के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने लगे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कुक्कु कोहली से हुई जो उन दिनों नई फिल्म 'फूल और कांटे' बना रहे थे।

साल 1991 में अजय देवगन की पहली फिल्म 'फूल और कांटे' में उनकी एंट्री को आज भी लोग याद करते हैं। इस फिल्म के एंट्री सीन में वह दो बाइक पर सवार होकर आए थे। शायद बहुत कम लोग जानते होंगे कि यह एंट्री सीन अजय के पिता का ही आईडिया था। अपनी पहली ही फिल्म से अजय ने दर्शकों के बीच एक अलग पहचान बना ली थी। फिल्म सुपरहिट रही और इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू का फिल्मफेयर अवार्ड मिला था। इसके बाद अजय सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए। अजय ने अपने बॉलीवुड करियर में हर तरह के किरदार निभाए हैं। चाहे एक्शन हो, कॉमेडी हो, नेगेटिव हो या रोमांस हो, दर्शकों ने अजय को हर किरदार में पसंद किया। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई शानदार फिल्में की हैं जिसमें जख्म, मेजर साब, जिगर, दिलवाले, सुहाग, विजयपथ, नाजायज, इश्‍क, हम द‍िल दे चुके सनम, गंगाजल, गोलमाल, गोलमाल रिटर्न्स, सिंघम, बोल बच्‍चन और दृश्‍यम जैसी सुपरह‍िट फ‍िल्‍में शामिल हैं।  इतना ही नहीं अजय को 'जख्म' और 'द लेजंड ऑफ भगत सिंह' के लिए बेस्ट ऐक्‍टर का नैशनल अवॉर्ड म‍िला। 

अजय ने न केवल अपनी फिल्मों को लेकर, बल्कि अपनी लवलाइफ को लेकर भी काफी सुर्खियां बटोरी हैं। एक समय था जब अजय और रवीना टंडन के अफेयर की खबरें मीडिया में छाई हुई थीं। लेकिन बाद में उनका नाम करिश्मा कपूर से जुड़ा। यह भी कहा जाता है कि अजय ने करिश्मा के लिए रवीना को छोड़ द‍िया था। लेकिन बाद में अजय की मुलाकात काजोल से हुई। पहले दोनों अच्छे दोस्त बने और धीरे-धीरे उनका प्यार परवान चढ़ने लगा। दोनों ने एक-दूसरे को पांच साल डेट करने के बाद 14 फरवरी 1999 को शादी कर ली थी। काजोल-अजय के दो बच्चे बेटी न्यासा और बेटा युग हैं।

अगर काम की बात करें तो अजय निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई में नज़र आने वाले हैं। इस फिल्म में आलिया गंगूबाई काठियावाड़ी की मुख्य भूमिका निभा रही हैं। यह फिल्म हुसैन ज़ैदी की किताब माफिया क्वींस ऑफ मुंबई के एक अध्याय पर आधारित है। गंगूबाई 60 के दशक में मुंबई के हीरामंडी में कोठा चलती थीं। यह फिल्म 30 जुलाई 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Copyright ©
Dwarikesh Informatics Limited. All Rights Reserved.