होम
गॉसिप
टेली टॉक
बॉक्स ऑफिस
फोटो गैलरी
वीडियो गैलरी
CLOSE

सुशांत की बर्थ एनिवर्सरी पर फैंस ने किया याद, ‘One day for SSR birthday’ कर रहा है ट्रेंड

By Bollywood halchal | Jan 21, 2021

आज बॉलीवुड के उस एक्टर की बर्थ एनिवर्सरी है जिसकी मौत की खबर से पूरा देश सदमे में था। आज दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पहली बर्थ एनिवर्सरी है। आज भी यकीन नहीं होता है कि सबको अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देने वाले सुशांत ने आत्महत्या की थी। आज सुशांत भले ही मौजूद ना हों, लेकिन अपनी फिल्मों के जरिए वे हमेशा अपने फैंस के दिलों में ज़िंदा रहेंगे। आइए सुशांत की बर्थ एनिवर्सरी पर जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें -

सुशांत सिंह का जन्म 21 जनवरी 1986 को पटना में हुआ था। सुशांत ने बचपन में ही अपनी माँ को खो दिया था जिसके बाद 2002 में वे दिल्ली आ गए। उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में बीटेक में एडमिशन लिया था। हालांकि, तीसरे साल में उन्होंने अपने एक्टर बनने के सपने की वज़ह से उसे बीच में ही छोड़ दिया। दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान ही वे श्यामक डावर के ग्रुप में शामिल हुए और बतौर बैकग्राउंड डांसर काम भी किया। इसके बाद वे मुंबई चले गए जहाँ उन्होंने नादिरा बब्बर का एकजुट थिएटर ग्रुप जॉइन कर लिया। साल 2008 में सुशांत पहली बार एकता कपूर के सीरियल 'किस देश में है मेरा दिल' में नज़र आए थे। इसके बाद साल 2009 में उन्हें एकता कपूर के सीरियल 'पवित्र रिश्ता' में लीड रोल करने का मौका मिला। इस सीरियल में उन्होंने मानव देशमुख का किरदार निभाया था जिसके लिए उनकी खूब सराहना भी हुई थी। मानव के किरदार के तौर पर सुशांत घर-घर में जाना-पहचाना नाम बन गए थे। 

कई बेहतरीन फिल्मों में किया काम 
सुशांत ने 2013 में अभिषेक कपूर की फिल्म 'काई पो चे' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। यह फिल्म चेतन भगत के प्रसिद्ध नॉवेल 'थ्री मिस्टेक्स ऑफ माय लाइफ' पर आधारित थी। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू एक्टर कैटेगरी में फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। इसके बाद 2013 में सुशांत ने परिणीति चोपड़ा के साथ 'शुद्ध देसी रोमांस' फिल्म में काम किया। हालाँकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी और फ्लॉप रही। सुशांत ने 2014 में आई राजकुमार हिरानी की 'पीके' में भी अभिनय किया। इस फिल्म में उन्होंने आमिर खान और अनुष्का शर्मा के साथ काम किया था। इसके बाद साल 2015 में सुशांत ने दिबाकर बनर्जी की थ्रिलर डिटेक्टिव 'ब्योमकेश बख्शी' में लीड रोल किया था। 2016 में नीरज पांडेय की फिल्म 'एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में सुशांत ने अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का खूब प्यार बटोरा। यह फिल्म 2016 की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई। इसके बाद साल 2017 में सुशांत ने कृति सैनन के साथ फिल्म 'राब्ता' में काम किया। हालाँकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। साल 2018 में सुशांत ने फिल्म 'केदारनाथ' में सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान के साथ  काम किया। यह सारा की पहली फिल्म थी। इसके बाद 2019 में सुशांत की तीन फिल्में - सोन चिरैया, ड्राइव, और छिछोरे रिलीज हुईं। सुशांत की आखिरी फिल्म दिल बेचारा थी, जो उनकी मौत के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी हॉटस्टार पर रिलीज की गई थी। 

14 जून 2020 को हुई थी सुशांत की मौत 
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में मृत अवस्‍था में पाए गए थे। दूसरों को बेहतर ज़िंदगी जीने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देने वाले सुशांत ने आत्महत्या की थी। सुशांत की मौत से पूरा देश सदमे में था। उनकी मौत क्यों और कैसे हुई, यह बात अभी तक साफ नहीं हो पाई है। सुशांत की मौत के मामले में उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस केस की जांच तीन बड़ी एजेंसियां सीबीआई, ईडी और एनसीबी कर रही थीं। हालाँकि, अभी तक इस मामले में कुछ साबित नहीं हो पाया है। 

फैंस ने किया बर्थ एनिवर्सरी पर याद 
सुशांत सिंह राजपूत के फैंस उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर उन्हें याद कर रहे हैं। उनके फैन्स ट्विटर पर ‘One day for SSR birthday’ ट्रेंड करा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सुशांत के फैंस और करीबी लोग उनकी तस्वीरें पोस्ट करके उन्हें याद कर रहे हैं।
Copyright ©
Dwarikesh Informatics Limited. All Rights Reserved.